पाकुड़ मोबाइल गुम होने या चोरी हो जाने से परेशान लोगों के चेहरों पर शनिवार को उस समय खुशी लौट आई, जब पाकुड़ पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बरामद किए गए मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने स्वयं मोबाइल धारकों को उनके मोबाइल लौटाए।ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बरामद किए गए कुल 28 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया और इस पहल की सराहना की।एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि तकनीकी जांच और पुलिस टीम के लगातार प्रयासों से इन मोबाइलों को बरामद किया गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने मोबाइल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत संबंधित थाना में सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।मोबाइल प्राप्त करने वाले लाभार्थी लिट्टीपाड़ा, पाकुड़िया, रद्दीपुर, पाकुड़ नगर, अमड़ापाड़ा और महेशपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। मोबाइल वापस मिलने से सभी के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन मुस्कान आगे भी लगातार जारी रहेगा और गुम या चोरी हुए मोबाइलों को बरामद कर उनके असली मालिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता रहेगा।