शुभम साहू हत्याकांड के विरोध में लोहरदगा बंद का व्यापक असर, बाजार बंद, वाहन परिचालन ठप, एसआईटी ने कहा- आरोपियों की पहचान हुई
लोहरदगा: युवा व्यवसायी शुभम साहू की हत्या
के विरोध में चैंबर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर शनिवार को लोहरदगा पूरी तरह बंद रहा। जिले के
प्रमुख बाजारों में व्यापारिक प्रतिष्ठान स्वतः बंद रहे, जबकि बस, ट्रक और अन्य
व्यावसायिक वाहनों का परिचालन भी लगभग ठप रहा। हालांकि रांची-लोहरदगा
पैसेंजर सहित सभी रेल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं। बंद का असर शहर के अपर बाजार, मेन
रोड, पतराटोली,
मिशन चौक, महावीर
चौक, बरवाटोली और कचहरी रोड समेत सभी प्रमुख
व्यावसायिक क्षेत्रों में साफ दिखाई दिया। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और
ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में भी बंद का व्यापक प्रभाव देखने को मिला। चैंबर ऑफ कॉमर्स ने स्पष्ट किया कि यह
बंद किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं,
बल्कि जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक
घटनाओं और व्यापारियों की सुरक्षा की मांग को लेकर आयोजित किया गया। चैंबर अध्यक्ष रितेश साहू ने कहा कि शुभम साहू
की हत्या से पूरे व्यापारिक समुदाय में भय का माहौल है। उनका कहना था कि यदि समय
रहते अपराध पर प्रभावी कार्रवाई होती,
तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था। बंद को भारतीय जनता पार्टी, बस-ट्रक
ऑनर्स एसोसिएशन, सेवा भारती,
सामाजिक विचार मंच और सर्राफा व्यवसायी
संघ सहित कई सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों का समर्थन मिला। भाजपा जिलाध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने जिले में अपराध पर
प्रभावी नियंत्रण की मांग करते हुए व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर
दिया। सर्राफा व्यवसायियों ने प्रमुख बाजारों
में स्थायी पुलिस पिकेट,
नियमित पुलिस गश्त, संदिग्ध
वाहनों की सघन जांच तथा नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने जल्द ही इन मांगों को लेकर पुलिस अधीक्षक
को ज्ञापन सौंपने की बात कही। बंद के दौरान कुछ समय के लिए पावरगंज चौक
पर सड़क जाम भी किया गया, जिसे बाद में प्रशासन
की पहल पर हटवा दिया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील
इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासन पूरे दिन हालात पर नजर बनाए
रखा। इधर,
शुभम साहू हत्याकांड और लूट के प्रयास
की जांच में गठित विशेष अनुसंधान टीम (SIT) लगातार संभावित
ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी
के लिए झारखंड के अलावा अन्य राज्यों में भी पुलिस टीमें कार्रवाई कर रही हैं।
उन्होंने जल्द पूरे मामले का खुलासा करने का भरोसा जताया। चैंबर ऑफ कॉमर्स ने चेतावनी दी है कि
यदि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए
प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।















