जामताड़ा में 21 अगस्त जामताड़ा सामूहिक महा-रुद्राभिषेक विश्व-शांति समाज कल्याण
जामताड़ा: विश्व शांति, पर्यावरण शुद्धि और समाज के कल्याण की कामना को लेकर आर्ट ऑफ लिविंग जामताड़ा परिवार की ओर से 21 अगस्त को सामूहिक महा रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 5 बजे से न्यू टाउन स्थित बीएसएनएल गली के इंदु प्रभा हाउस में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण आर्ट ऑफ लिविंग के बेंगलुरु स्थित इंटरनेशनल आश्रम से पधार रहे स्वामी अरुण जी एवं प्रख्यात वेदाचार्यों का सान्निध्य होगा। उनके मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ महा रुद्राभिषेक संपन्न कराया जाएगा।आयोजकों के अनुसार, जामताड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। आर्ट ऑफ लिविंग जामताड़ा के जिला मीडिया कोऑर्डिनेटर विजय भगत ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सामूहिक रुद्रपूजा का आयोजन व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाज में शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण करना है।उन्होंने कहा कि रुद्रपूजा में मंत्रों का पूर्ण अर्थ समझना आवश्यक नहीं है। श्रद्धा, विश्वास और समर्पण के साथ ध्यानस्थ होकर अनुष्ठान में शामिल होना महत्वपूर्ण है। विजय भगत के अनुसार, रुद्रपूजा में गणपति, शिव, विष्णु, सूर्य, शक्ति और गुरुतत्व सहित छह दिव्य शक्तियों का पूजन किया जाता है। मान्यता के अनुसार, इससे पितृ दोष, ग्रह दोष, वास्तु दोष और कर्म दोष के प्रभाव को कम करने तथा सत्वगुण और प्राणशक्ति को बढ़ाने में सहायता मिलती है। आयोजकों ने सभी शिवभक्तों से 21 अगस्त को होने वाले सामूहिक महा रुद्राभिषेक में शामिल होने की अपील की है। आयोजन के माध्यम से विश्व शांति, पर्यावरण शुद्धि और समाज के कल्याण की कामना की जाएगी।स्वामी अरुण जी और वेदाचार्यों का मिलेगा सान्निध्य
आध्यात्मिक वातावरण निर्माण करना उद्देश्य
छह दिव्य शक्तियों का पूजन
शिवभक्तों से शामिल होने की अपील















