जामताड़ा: जिले में सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन और जरूरतमंद बच्चों को संरक्षण उपलब्ध कराने को लेकर शनिवार को विभिन्न स्तरों पर महत्वपूर्ण बैठकें और निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों ने राजस्व कार्यों की समीक्षा, पंचायतों का निरीक्षण तथा फोस्टर केयर (पालन-पोषण) योजना को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर
उपायुक्त के निर्देश पर अपर समाहर्ता पूनम कच्छप की अध्यक्षता में अंचल निरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व संग्रहण एवं भूमि संबंधी मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित म्यूटेशन एवं सुओ-मोटो म्यूटेशन मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उत्तराधिकार एवं बंटवारा से जुड़े मामलों का समयबद्ध निपटारा करने तथा भू-लगान वसूली के निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने पर भी जोर दिया गया।
प्रमाण पत्रों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश
अपर समाहर्ता ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) प्रमाण पत्र जारी करने से पहले अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही जाति, स्थानीय निवासी, आय एवं ओबीसी प्रमाण पत्रों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
भूमि हस्तांतरण से जुड़े मामलों में विवादरहित सरकारी भूमि की पहचान कर आवश्यक अभिलेखों के साथ प्रस्ताव तैयार करने तथा प्राकृतिक या स्थानीय आपदाओं से प्रभावित लोगों को राहत राशि उपलब्ध कराने के लिए जरूरी दस्तावेज जल्द तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
पंचायतों में योजनाओं का हुआ निरीक्षण
जिले के सभी प्रखंडों में नामित वरीय अधिकारियों ने पंचायतों का निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र, विद्यालय, पीडीएस दुकान, मनरेगा योजनाएं, कल्याण छात्रावास, प्रशिक्षण केंद्र, आवासीय विद्यालय और स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं संबंधित कर्मियों के साथ बैठक कर समस्याओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इन पंचायतों में हुआ निरीक्षण:
करमाटांड़ प्रखंड – सिकरपोसनी
नाला प्रखंड
फतेहपुर – जामजोरी पंचायत
कुंडहित – बागडेहरी पंचायत
जामताड़ा प्रखंड – रानीडीह पंचायत
फोस्टर केयर योजना के लिए परिवारों से आवेदन की अपील
जिला बाल संरक्षण इकाई, जामताड़ा ने फोस्टर केयर (पालन-पोषण) योजना के तहत इच्छुक परिवारों से आवेदन करने की अपील की है। योजना के तहत देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले 18 वर्ष तक के बच्चों को शिक्षा, चिकित्सा, पोषण एवं समुचित विकास के लिए सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
इसके अलावा परिवारविहीन बच्चों को अस्थायी रूप से पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था है।
योजना के तहत मानसिक रूप से बीमार माता-पिता के बच्चे, जेल में बंद माता-पिता के बच्चे, घरेलू हिंसा, शोषण, प्राकृतिक आपदा अथवा कृषि संकट से प्रभावित बच्चों को पात्रता के आधार पर लाभ दिया जाएगा। इच्छुक परिवार जिला बाल संरक्षण इकाई, जामताड़ा से संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।















