जामताड़ा नगर क्षेत्र की नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जामताड़ा नगर पंचायत ने प्रत्येक मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय में जनता दरबार आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस नई व्यवस्था के तहत नगर क्षेत्र के लोग अपनी वार्ड एवं नगर से जुड़ी समस्याएं सीधे नगर पंचायत प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे, जिनके समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने बताया कि जनता दरबार के माध्यम से सड़क, नाली, पेयजल, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, जलनिकासी सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है।उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने वार्ड की समस्याओं को लेकर प्रत्येक मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में अवश्य पहुंचें। इससे नगर पंचायत को जमीनी स्तर की समस्याओं की जानकारी मिलेगी और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।आशा गुप्ता ने बताया कि जनता दरबार के दौरान सभी वार्ड पार्षद भी नगर पंचायत कार्यालय में मौजूद रहेंगे और अपने-अपने वार्ड से संबंधित शिकायतों को सुनकर समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करेंगे। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था की प्रेरणा उन्हें जामताड़ा के उपायुक्त आलोक कुमार द्वारा आयोजित जनता दरबार से मिली है, जिसके बाद नगर पंचायत ने भी स्थानीय स्तर पर ऐसी व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया।नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत ने बताया कि नगर क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को लेकर लोग अक्सर उपायुक्त के जनता दरबार में पहुंचते हैं। इसे देखते हुए नगर पंचायत ने स्थानीय स्तर पर ही प्रत्येक मंगलवार को जनता दरबार आयोजित करने का फैसला लिया है, ताकि लोगों का समय बचे और समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।उन्होंने कहा कि जनता दरबार में प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। यदि कोई मामला नगर पंचायत के अधिकार क्षेत्र से बाहर होगा, तो उसे संबंधित विभाग को भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण कुमार गुप्ता, वार्ड पार्षद दीनबंधु सिंह, विजय राउत, मधुसूदन चंद्र, आलोक किस्कू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नगर पंचायत के अधिकारी उपस्थित रहे।