जामताड़ा: जामताड़ा के ऐतिहासिक गांधी मैदान स्थित जामताड़ा क्लब परिसर में 2 अगस्त को चतुर्थ झारखंड राज्य आर्मरेसलिंग (पंजा कुश्ती) प्रतियोगिता-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में झारखंड के 12 जिलों से लगभग 200 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है।

प्रतियोगिता की जानकारी आर्मरेसलिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड के महासचिव दीपक दुबे ने राज्य कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता आर्मरेसलिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड के निर्देशानुसार जामताड़ा जिला आर्मरेसलिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन

दीपक दुबे ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन 2 से 4 अक्टूबर तक जम्मू-कश्मीर में आयोजित होने वाली 48वीं राष्ट्रीय आर्मरेसलिंग प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

तैयारियां पूरी, एसपी करेंगे उद्घाटन

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे।

पोस्टर लॉन्च कर दिया गया आयोजन का संदेश

प्रतियोगिता को लेकर शनिवार को आर्मरेसलिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड की ओर से आधिकारिक पोस्टर भी लॉन्च किया गया। इस अवसर पर डॉ. भास्कर चांद, सूरज कुमार पासवान, राहुल सिंह, राहुल यादव और सोमनाथ दत्ता सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजन समिति ने खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।