जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन झपटमारी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित कर्मकार उर्फ सिपुल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बिरसानगर जोन नंबर छह स्थित उसके घर से झपटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

बाइक सवार बदमाशों ने महिला से झपटी थी चेन

घटना 31 जुलाई की शाम करीब साढ़े चार बजे की है। 58 वर्षीय अर्चना श्रीवास्तव सोनारी के ए रोड से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एच रोड के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका पीछा किया और मौका मिलते ही उनके गले से सोने की चेन झपट ली।

वारदात के बाद बदमाश बाइक से कदमा की ओर भागने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रहे एक छोटा हाथी वाहन से टकरा गई। हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद दोनों बाइक छोड़कर पैदल ही मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से पल्सर बाइक बरामद की थी।

जांच में सामने आए तीन आरोपियों के नाम

पुलिस की जांच में पता चला कि चेन झपटमारी की वारदात में कुल तीन अपराधी शामिल थे। पंकज हरपाल और रोहित कर्मकार बाइक पर सवार थे, जबकि रोहित मुर्मू कुछ दूरी पहले उतरकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था।

बाइक के सत्यापन और जांच के आधार पर पुलिस ने पंकज हरपाल और रोहित मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों को 6 अगस्त को जेल भेज दिया गया था। वहीं, रोहित कर्मकार उर्फ सिपुल घटना के बाद से फरार चल रहा था।

गुप्त सूचना पर बिरसानगर से गिरफ्तारी

फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर रोहित कर्मकार को बिरसानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

इसके बाद उसकी निशानदेही पर बिरसानगर जोन नंबर छह स्थित उसके घर से महिला से झपटी गई सोने की चेन बरामद कर ली गई।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार रोहित कर्मकार के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आदित्यपुर, बिरसानगर, टेल्को, बिष्टुपुर और सोनारी थाना क्षेत्रों में चेन झपटमारी, चोरी और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।