हजारीबाग: सावन के पावन महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर की ओर आस्था और भक्ति के साथ रवाना हो रहे शिवभक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हजारीबाग यूथ विंग की ओर से सेवा अभियान चलाया गया। संस्था ने भारत माता चौक और बुढ़वा महादेव मंदिर परिसर में 275 शिवभक्तों के बीच रेनकोट का वितरण किया।
बारिश के बीच कांवड़ यात्रा पर निकल रहे श्रद्धालुओं को मौसम की परेशानी से राहत दिलाने के उद्देश्य से संस्था के सदस्यों ने यह अभियान चलाया। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा। रेनकोट मिलने पर शिवभक्तों ने प्रसन्नता जताई और संस्था के सेवा कार्य की सराहना की।
‘श्रद्धालुओं की सुविधा बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद’
संस्था के संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन ने कहा कि सावन में बाबा के भक्तों के बीच सेवा करने का अवसर मिलना अपने आप में सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि देवघर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं की यात्रा में संस्था की ओर से किया गया छोटा-सा प्रयास अगर उन्हें बारिश से बचाने और यात्रा में सुविधा देने में मदद करता है, तो इससे बड़ी संतुष्टि कुछ नहीं हो सकती।
उन्होंने कहा कि सेवा की भावना समाज को जोड़ती है और हजारीबाग यूथ विंग इसी भावना को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
जरूरतमंदों तक समय पर सहयोग पहुंचाना लक्ष्य
संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि शिवभक्त आस्था और संकल्प के साथ लंबी यात्रा पर निकलते हैं। ऐसे समय में उनकी जरूरतों को समझकर उनके साथ खड़ा होना सामाजिक दायित्व के साथ-साथ आत्मिक संतोष का विषय भी है।
उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं है। जरूरतमंदों तक समय पर सहयोग पहुंचाना हजारीबाग यूथ विंग की कार्यशैली का हिस्सा है। आने वाले समय में भी सेवा और मानवता से जुड़े कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ जारी रखा जाएगा।
श्रद्धालुओं ने जताया आभार
रेनकोट प्राप्त करने वाले श्रद्धालुओं ने हजारीबाग यूथ विंग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बारिश के बीच यात्रा के दौरान संस्था की ओर से मिला यह सहयोग उनके लिए काफी उपयोगी और राहत देने वाला है। श्रद्धालुओं ने संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को धन्यवाद देते हुए उनके सेवा भाव की सराहना की।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव रितेश खंडेलवाल, सह सचिव अभिषेक पांडे, संस्था के मार्गदर्शक जयप्रकाश खंडेलवाल, कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद ताजुद्दीन, प्रणीत जैन सहित कई सदस्य मौजूद रहे।















