हजारीबाग में पुलिस की तत्परता: एक घंटे में लापता 7 वर्षीय बच्चा बरामद, परिजनों ने ली राहत की सांस
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग में कोर्रा थाना पुलिस की तत्परता से लापता हुआ सात वर्षीय बच्चा महज एक घंटे के भीतर सुरक्षित मिल गया। मतवारी स्थित बृजनंदन अपार्टमेंट से बच्चे के अचानक गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर में बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया। बच्चे के सुरक्षित लौटने से परिवार ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, दीपक पठानिया का सात वर्षीय पुत्र रिवांश सिंह पठानिया मतवारी स्थित बृजनंदन अपार्टमेंट से निकलने के बाद अचानक लापता हो गया था। काफी देर तक बच्चे का पता नहीं चलने पर परिजन चिंतित हो उठे। इसके बाद मामले की सूचना कोर्रा थाना पुलिस को दी गई। बच्चे के लापता होने की जानकारी मिलते ही कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल खोजबीन शुरू की। पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाश की और तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर बच्चे का पता लगा लिया। बच्चे के सकुशल मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परेशान परिजनों ने बच्चे के सुरक्षित मिलने पर राहत जताई और पुलिस की तत्परता के लिए आभार व्यक्त किया। कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक ने बताया कि बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। समय रहते बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसके परिवार को सौंप दिया गया।अपार्टमेंट से निकलने के बाद लापता हुआ मासूम
सूचना मिलते ही तलाश में जुटी पुलिस
सुरक्षित बच्चे को माता-पिता को सौंपा















