हजारीबाग: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को सही दिशा और प्रेरणा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की पहल पर शनिवार को एक विशेष मोटिवेशनल टॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त हेमंत सती, उप विकास आयुक्त रिया सिंह, भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी मौन प्रकाश तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी पूर्वा अग्रवाल ने "How to Crack Competitive Exams" विषय पर विस्तृत मार्गदर्शन देते हुए सैकड़ों अभ्यर्थियों को सफलता के मूल मंत्र बताए।

उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता केवल लंबे समय तक पढ़ाई करने से नहीं, बल्कि सही रणनीति, अनुशासन, नियमित अभ्यास और निरंतर आत्ममूल्यांकन से मिलती है। उन्होंने अभ्यर्थियों को सीमित एवं प्रमाणिक अध्ययन सामग्री का उपयोग करने, विषयों की अवधारणाओं को मजबूत करने तथा नियमित अभ्यास पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रतियोगी परीक्षा कठिन नहीं होती, यदि तैयारी ईमानदारी और निरंतरता के साथ की जाए।

उप विकास आयुक्त रिया सिंह ने समय प्रबंधन, उत्तर लेखन, प्रश्नों की सही समझ, तार्किक उत्तर प्रस्तुत करने, नियमित मॉक टेस्ट और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों के विश्लेषण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि परीक्षा में सफलता के लिए केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि उत्तर लिखने की सही तकनीक भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

आईएएस अधिकारी पूर्वा अग्रवाल ने युवाओं को असफलताओं से निराश न होकर उन्हें सीखने का अवसर मानने की सलाह दी। उन्होंने सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, धैर्य और निरंतर प्रयास को सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बताते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता का रास्ता खोलता है।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित संवादात्मक सत्र में अभ्यर्थियों ने तैयारी की रणनीति, वैकल्पिक विषयों के चयन, अध्ययन योजना, उत्तर लेखन, इंटरव्यू और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं की जिज्ञासाओं का विस्तार से समाधान किया।

जिला प्रशासन ने बताया कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 15 अगस्त 2026 से जिला पुस्तकालय को पूर्ण रूप से विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए समर्पित किया जाएगा। पुस्तकालय में आधुनिक भवन, बेहतर अध्ययन कक्ष, पेयजल और वाई-फाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यक्रम में जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम, जिला शिक्षा अधीक्षक आकाश कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं युवा उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।