गुमला: झारखंड के गुमला जिले में जंगली हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कामडारा प्रखंड की सरिता पंचायत के बुरुहातु गांव में एक जंगली हाथी ने करीब 40 वर्षीय ग्रामीण निकोलस तोपनो को कुचलकर मार डाला। घटना के बाद गांव के लोगों में भय व्याप्त है। बताया जा रहा है कि पिछले करीब 10 दिनों से 24 हाथियों का झुंड गांव के आसपास विचरण कर रहा है।

10 दिनों से गांव के आसपास डेरा जमाए है झुंड

मिली जानकारी के अनुसार, हाथियों का झुंड बुरुहातु गांव के सुकरा टांड़ के पास घूम रहा था। झुंड में पांच हाथियों के बच्चे भी शामिल हैं। इसी दौरान झुंड से अलग हुए एक जंगली हाथी ने निकोलस तोपनो पर हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

गांव के आसपास लंबे समय से हाथियों की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। हाथियों के झुंड में छोटे बच्चे भी होने से उसके व्यवहार और आवाजाही को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।

घटनास्थल पर पहुंचा वन विभाग

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के बनपाल शेखर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और उन्हें सावधानी बरतने की अपील की।

वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि वे हाथियों के नजदीक न जाएं, उन्हें परेशान या उकसाने की कोशिश न करें और उनके आने-जाने के रास्ते में खड़े होने से बचें। हाथियों की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील भी की गई है।

ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

हाथियों के झुंड की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों को खासकर खेतों, जंगल के रास्तों और गांव के बाहरी इलाकों में आवाजाही के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है। जंगली हाथियों के करीब जाने या उन्हें भगाने का प्रयास करना जानलेवा साबित हो सकता है।