गुमला: उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में झारखंड शिक्षा परियोजना गुमला द्वारा संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय, सिसई में संविदा आधारित रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पूर्णकालिक शिक्षिकाओं, लेखापाल तथा शिक्षकेत्तर कर्मियों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में 20 पद तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय, सिसई में 15 पद रिक्त हैं।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पूर्व में प्राप्त सभी आवेदनों की नियमानुसार स्क्रूटनी कर आवश्यक निर्णय लेने तथा निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए चयन प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने कहा कि विद्यालयों में आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर आवासीय व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, अपर समाहर्ता राजीव नीरज, जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खालखो, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां तथा सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी शुभकामना प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।