गुमला: बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगर भवन में कानूनी जागरूकता सह विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, रांची और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रतिनिधियों के साथ विद्युत आपूर्ति प्रमंडल गुमला के अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। इस दौरान कई उपभोक्ताओं ने बिजली बिल में गड़बड़ी और विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
मौके पर शिकायतों के समाधान का प्रयास
विद्युत अधीक्षण अभियंता ने बताया कि उपभोक्ताओं को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार बिजली कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए विभिन्न अवर प्रमंडलों में इस तरह के शिकायत निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और यथासंभव मौके पर समाधान करना है। इसके माध्यम से उपभोक्ताओं को अपनी शिकायत सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर भी मिल रहा है।
बिल से लेकर खराब मीटर तक की शिकायतों पर सुनवाई
शिविर में मुख्य रूप से निम्न समस्याओं से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं—
बिजली बिल नहीं मिला तो WhatsApp पर करें संपर्क
बिजली विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को जरूरी जानकारी भी दी गई। यदि किसी उपभोक्ता को बिजली बिल प्राप्त नहीं हुआ है तो वह WhatsApp नंबर 9431135503 पर संपर्क कर अपना बिल प्राप्त कर सकता है।
वहीं स्मार्ट मीटर को लेकर किसी तरह की आशंका होने पर उपभोक्ता मीटर टेस्टिंग की सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
बिजली समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
विद्युत समस्या की स्थिति में उपभोक्ता केंद्रीय सहायता केंद्र 06524-299902 पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग की ओर से यह भी जानकारी दी गई कि जरूरत के अनुसार ट्रांसफार्मर निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है।
शिविर में विद्युत मित्र, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रतिनिधि, बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और शहर के आम नागरिक उपस्थित रहे।















