गुमला डीएवी मोड़ सड़क सुरक्षा जांच अभियान एक लाख पांच हजार जुर्माना
गुमला, 27 अक्टूबर 2026। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश
लगाने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग ने मंगलवार को डीएवी मोड़ के पास सघन वाहन
जांच अभियान चलाया। उपायुक्त दिलेश्वर महतो और जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO)
सत्येन्द्र महतो के निर्देश पर चलाए गए
इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ
कार्रवाई की गई। विभाग ने कुल 1 लाख
5 हजार रुपये का
जुर्माना वसूला। अभियान का नेतृत्व
मोटरयान निरीक्षक (MVI) प्रदीप
कुमार तिर्की ने किया। जांच दल ने डीएवी मोड़ के पास चेकनाका लगाकर आने-जाने वाले
वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहन चालकों के जरूरी दस्तावेजों और यातायात नियमों
के पालन की पड़ताल की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन करने वाले
चालकों में हड़कंप मच गया। जांच अभियान के दौरान
दोपहिया वाहन चालकों पर विशेष ध्यान दिया गया। बिना हेलमेट वाहन चलाने और एक
मोटरसाइकिल पर तीन लोगों के सवार होने यानी ट्रिपल राइडिंग के मामलों में कार्रवाई
की गई। इसके साथ ही वाहन
चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस,
परमिट, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC)
और रोड टैक्स से जुड़े दस्तावेजों की भी
जांच की गई। आवश्यक कागजात नहीं मिलने या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित
वाहनों के चालान काटे गए। मोटरयान निरीक्षक
प्रदीप कुमार तिर्की ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
उन्होंने समझाया कि सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन
सकती है। नियमों का पालन करना न केवल वाहन चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की
सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। जिला परिवहन विभाग ने
स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी
जारी रहेंगे। वाहन चालकों से घर से निकलते समय दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया
वाहन में सीटबेल्ट का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। साथ ही वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज
अद्यतन रखने की सलाह दी गई है। विभाग का उद्देश्य
यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना
है।MVI प्रदीप कुमार तिर्की
के नेतृत्व में चला अभियान
बिना हेलमेट और
ट्रिपल राइडिंग पर विशेष नजर
वाहन चालकों को सड़क
सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
आगे भी जारी रहेगा
जांच अभियान















