गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित सिहोडीह शंकरचक के पॉम ऑयल गोदाम से 21-22 जुलाई की रात हुई 246 टिन पॉम ऑयल चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोलू कुमार उर्फ गोलू यादव, रूपेश कुमार यादव और कृष्णा यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन (JH15AD7871), प्राइम गोल्ड ब्रांड के 10 टिन पॉम ऑयल तथा घटना से जुड़े तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि दिसंबर 2024 और मई 2026 में भी इसी पॉम ऑयल गोदाम में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा आरोपियों ने पिछले दो से तीन वर्षों के दौरान गिरिडीह शहर और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में हुई कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।पुलिस का मानना है कि इन गिरफ्तारियों से जिले में दर्ज कई लंबित चोरी के मामलों का भी खुलासा हो सकता है। फिलहाल आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। चोरी गए शेष पॉम ऑयल की बरामदगी और गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।