गिरिडीह: जिले के गावां थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरझारा गांव में अवैध महुआ शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई देशी शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में गावां एवं लोकाय नयनपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने सोमर साव की अवैध देशी शराब भट्ठी सहित कई स्थानों पर संचालित शराब निर्माण केंद्रों पर कार्रवाई की। मौके से सैकड़ों लीटर तैयार महुआ शराब बरामद की गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा शराब बनाने के लिए बड़ी मात्रा में रखे गए महुआ और जावा को भी नष्ट कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, डुमरझारा और आसपास के गांवों में लंबे समय से अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यहां तैयार की जाने वाली शराब की खेप बिहार सहित अन्य क्षेत्रों में तस्करी के लिए भेजी जाती थी। इस अवैध कारोबार में कई स्थानीय लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।