गढ़वा: पांच वर्षों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे चर्चित लूटकांड के आरोपी को आखिरकार गढ़वा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। केतार थाना कांड संख्या 11/2021 के फरार आरोपी अतुल राय उर्फ अतुल प्रकाश राय को बिहार के रोहतास जिले के डेहरी स्थित तार बंगला मोड़ के पास से विशेष छापेमारी टीम ने दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पूछताछ में लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए कई अहम जानकारियां दी हैं।

गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम, बिहार से हुई गिरफ्तारी

एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 30 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि वर्ष 2021 के चर्चित लूटकांड का फरार आरोपी बिहार के डेहरी में किराये के मकान में रह रहा है। सूचना के आधार पर श्री बंशीधर नगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके ठिकाने के पास से गिरफ्तार कर लिया।

फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से हथियार के बल पर की थी लूट

पुलिस के अनुसार 12 फरवरी 2021 को केतार थाना क्षेत्र के खैरवा गांव के समीप दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया था। पीड़ित के आवेदन पर केतार थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता सामने आई थी।

अन्य मामलों में भी जांच जारी

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी और उसके साथियों के तार आसपास के जिलों में हुई अन्य आपराधिक घटनाओं से भी जुड़े हो सकते हैं। पूछताछ के आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य संभावित मामलों की भी पड़ताल जारी है।

आरोपी की पहचान

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अतुल राय उर्फ अतुल प्रकाश राय (23 वर्ष), पिता सतेन्द्र राय, निवासी नौरंग राय के डेरा, राजापुर, जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई है।

पहले भी हो चुकी है तीन आरोपियों की गिरफ्तारी

पुलिस ने बताया कि इस लूटकांड में इससे पहले कुंदन कुमार गुप्ता, दीपक पासवान और अमरजीत चौधरी को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी

इस कार्रवाई में श्री बंशीधर नगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में भवनाथपुर अंचल के पुलिस निरीक्षक, केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, अनुसंधानकर्ता चंदन कुमार साह तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।