चतरा: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लावालौंग थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जोभी टोला के बेहराबाद में एक घर पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 1.485 किलो अफीम बरामद करने का दावा किया है।

मामले में पुलिस ने घर से एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान पचिया देवी, पति भगवान गंझू के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी

पुलिस के अनुसार, चतरा एसपी अनिमेष नैथानी को नशीले पदार्थ की मौजूदगी से संबंधित गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद लावालौंग थाना पुलिस की विशेष टीम ने जोभी टोला के बेहराबाद में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस को घर से 1.485 किलो अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने पचिया देवी को गिरफ्तार कर लिया।

SDPO ने दी कार्रवाई की जानकारी

मामले को लेकर एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस की विशेष टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी की और अफीम बरामद करने के साथ महिला को गिरफ्तार किया।

एसडीपीओ ने कहा कि अफीम की खेती और अवैध बिक्री में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस की ओर से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी टीम में थाना प्रभारी समेत जवान शामिल

कार्रवाई में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार के साथ सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद अफीम कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी।

पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।