धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में यूट्यूबर और ब्लॉगर केल्विन आर्यन के पब्लिक मीट कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा, मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। कार्यक्रम में दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। भीड़ धीरे-धीरे बेकाबू हो गई और देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।बताया जा रहा है कि बेकाबू भीड़ स्टेज तक पहुंच गई और पंडाल में भी तोड़फोड़ की गई। इस दौरान कई लोगों के घायल होने की सूचना है। मौके पर मौजूद पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हस्तक्षेप कर कार्यक्रम को बंद करा दिया।

राजकीय शोक के बीच आयोजित हुआ कार्यक्रम

यूट्यूबर और ब्लॉगर केल्विन आर्यन की ओर से गोल्फ ग्राउंड में पब्लिक मीट कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के लिए बड़े डीजे और साउंड सिस्टम लगाए गए थे। हालांकि, झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद राज्य में दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की गई।राजकीय शोक को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन की टीम कार्यक्रम स्थल पर पहुंची थी। प्रशासन की ओर से आयोजकों को डीजे और अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया गया था। साथ ही कार्यक्रम को सादगी से आयोजित करने की अनुमति दी गई थी।बताया गया कि झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग केल्विन आर्यन के कार्यक्रम में पहुंचे थे। जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ा, भीड़ बढ़ती गई और कुछ समय बाद स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी।

अचानक बेकाबू हुई भीड़

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, अचानक भीड़ में हंगामा शुरू हो गया। इसके बाद लोग एक-दूसरे से मारपीट करने लगे। भीड़ स्टेज की ओर बढ़ गई और पंडाल में भी तोड़फोड़ की गई। इससे कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने कार्यक्रम को बंद करा दिया और लोगों को मौके से हटाने की कोशिश की।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना के बावजूद आयोजकों की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए? भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती क्यों नहीं थी वहीं, राजकीय शोक की घोषणा के बाद प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को सादगी से आयोजित करने का निर्देश दिए जाने के बावजूद इतनी बड़ी भीड़ वाले कार्यक्रम के आयोजन और उसकी व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और कार्यक्रम के दौरान हुए हंगामे, मारपीट और तोड़फोड़ की घटना को लेकर जांच की जा रही है।