बोकारो में भारी बारिश के दौरान गिरा विशाल पेड़, चपेट में आकर युवक गंभीर घायल; प्रशासन पर उठे सवाल
बोकारो: जिले में भारी बारिश के दौरान बोकारो समाहरणालय के समीप एक बड़ा पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल युवक को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक की पहचान कालीचरण किस्कू के रूप में हुई है। कालीचरण के अनुसार, वह कुछ लोगों के साथ अपनी मांगों को लेकर बोकारो उपायुक्त कार्यालय पहुंचा था। उपायुक्त को मांग पत्र सौंपने के बाद वह समाहरणालय के समीप स्थित एक दुकान में जेरॉक्स कराने गया था। इसी दौरान अचानक भारी बारिश के बीच एक विशाल पेड़ दीवार पर जा गिरा। पेड़ के गिरने से दीवार पूरी तरह ढह गई और कालीचरण उसकी चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घायल कालीचरण किस्कू ने बताया कि समाहरणालय और जिला कार्यालय के आसपास कई पुराने और बड़े पेड़ मौजूद हैं। उनका कहना है कि भारी बारिश या तेज हवा के दौरान ऐसे पेड़ों के गिरने का खतरा बना रहता है। उन्होंने जिला प्रशासन से ऐसे पेड़ों का निरीक्षण कराने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। घायल युवक ने बोकारो सदर अस्पताल की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उसका आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद उसका इलाज शुरू करने में देरी हुई। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल घायल युवक का इलाज बोकारो सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद समाहरणालय के आसपास मौजूद पेड़ों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।पेड़ों को लेकर प्रशासन से सतर्कता की मांग
सदर अस्पताल की व्यवस्था पर भी सवाल















