नई दिल्ली: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की घोषणा की। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में चलाया जाएगा। अभियान के तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, स्कूलों में प्रतियोगिताएं और ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

17 सितंबर को रक्तदान शिविरों का आयोजन

नितिन नवीन ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी सेवा दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान देशभर में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे और लोगों को सेवा कार्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के जरिए स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश देने की तैयारी है।

स्कूलों में होंगी चित्रकारी और भाषण प्रतियोगिताएं

सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच देशभर के स्कूलों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें चित्रकारी, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं शामिल हैं। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों के स्तर पर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’

अभियान का प्रमुख कार्यक्रम 7 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। इस दिन देशभर के सभी जिलों में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। भाजपा के मुताबिक, यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हेड ऑफ द गवर्नमेंट के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाएगा। इसके जरिए 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।

सेवा, स्वच्छता और विकसित भारत पर फोकस

भाजपा का यह अभियान सेवा, स्वच्छता और विकसित भारत के लक्ष्य को केंद्र में रखकर आयोजित किया जा रहा है। पार्टी ने अभियान के जरिए कार्यकर्ताओं और आम लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की है।