सरायकेला: झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा समेत विभिन्न नियुक्ति परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कमेटी ने शनिवार को जिला समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व महापौर विनोद श्रीवास्तव ने किया। इसके बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 के बाद आयोजित कई भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और परीक्षा माफियाओं की सक्रियता से राज्य के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर रांची में छात्र आंदोलनरत हैं और भाजपा उनके आंदोलन का समर्थन करती है।

ज्ञापन के माध्यम से भाजपा ने वर्ष 2019 के बाद आयोजित सभी जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल एवं अन्य भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने की मांग की। साथ ही दोषियों के विरुद्ध फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।

इसके अलावा भाजपा नेताओं ने उत्पाद सिपाही भर्ती दौड़ परीक्षा के दौरान मृत अभ्यर्थियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की। ज्ञापन में मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने तथा 14वीं जेपीएससी परीक्षा से जुड़े तत्कालीन अध्यक्ष एवं आयोग के सदस्यों के विरुद्ध कार्रवाई की भी मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और युवाओं को न्याय दिलाने की मांग की। कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।