गढ़वा: भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में किसानों को हो रही बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर शनिवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही विद्युत विभाग के डिवीजन कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यपालक अभियंता समेत विभागीय अधिकारियों से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और व्यवस्था में जल्द सुधार की मांग की। अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
भानु प्रताप शाही ने कहा कि इस वर्ष पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण किसान सिंचाई के लिए पूरी तरह बिजली पर निर्भर हैं। धान रोपाई का समय होने के बावजूद पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि किसानों को प्रतिदिन कम से कम 15 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हो।
बिजली व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल
पूर्व विधायक ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई गांवों में बिजली कनेक्शन तो दे दिए गए हैं, लेकिन पोल और तार की व्यवस्था अब तक पूरी नहीं हुई है। लोग अस्थायी व्यवस्था के सहारे बिजली का उपयोग कर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जर्जर तारों और बिजली पोल को तत्काल बदलने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
स्मार्ट मीटर के बिजली बिल पर जताई नाराजगी
भानु प्रताप शाही ने स्मार्ट और डिजिटल मीटर से आ रहे बिजली बिलों को लेकर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं का वास्तविक बिल लगभग एक हजार रुपये होना चाहिए, उन्हें चार से पांच हजार रुपये तक के बिल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने विभाग से विशेष शिविर लगाकर गलत बिजली बिलों में सुधार करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान करने की मांग की।
एसडीओ पर रिश्वत मांगने का आरोप, जांच की मांग
बैठक के दौरान चितरी गांव के दक्षिण टोला के एक किसान ने विद्युत विभाग के एसडीओ प्रदीप सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। किसान ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से बांस-बल्ली के सहारे बिजली लाइन संचालित हो रही है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। किसान ने एसडीओ पर कथित रूप से पैसे मांगने का भी आरोप लगाया।
इस पर भानु प्रताप शाही ने अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो विभाग के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस मौके पर कुमार कनिष्क, लक्ष्मण राम, शैलेश चौबे, मधुबाला देवी, पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।















