बाबूलाल मरांडी का राहुल गांधी पर निशाना, बोले- सनातनियों के पर्व-त्योहारों से कांग्रेस को कोई मतलब नहीं
लातेहार: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस को सनातन धर्म के पर्व-त्योहारों से कोई मतलब नहीं है। मंगलवार को लातेहार पहुंचे मरांडी ने कांग्रेस की एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली को लेकर यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान रैली की तारीख तय करने से कारोबारियों को परेशानी हो सकती है। लातेहार परिसदन में भाजपा नेताओं के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मरांडी ने कहा कि व्यापारी दीपावली के बाद रैली आयोजित करने की मांग कर रहे हैं, ताकि त्योहार के समय वे अपना कारोबार कर सकें। उनके मुताबिक, इसके बावजूद कांग्रेस ने रैली की तारीख में बदलाव नहीं किया है। मरांडी ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस को तारीख चुनने में कोई समस्या नहीं है, तो उसे ईद या क्रिसमस के दौरान भी रैली करके दिखानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को सनातनियों के त्योहारों से परेशानी है। मरांडी ने एक नवंबर की तारीख को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 31 अक्टूबर 1984 को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या हुई थी और उसके बाद एक नवंबर से देश के कई हिस्सों में सिख विरोधी हिंसा भड़की थी। ऐसे समय में रैली आयोजित करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कांग्रेस पर देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री के पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए मरांडी ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को इसके लिए माफ नहीं करेगी। इस मौके पर भाजपा के लातेहार जिला अध्यक्ष वंशी यादव, पूर्व विधायक हरिकृष्ण सिंह, पंकज सिंह, राजधानी प्रसाद यादव, राकेश दुबे सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।दीपावली के दौरान रैली की तारीख पर सवाल
कांग्रेस की रैली पर भी उठाए सवाल
खड़गे की टिप्पणी पर भी दी प्रतिक्रिया
भाजपा नेता रहे मौजूद















