हजारीबाग: शहर के आरोग्यम अस्पताल में शनिवार को निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में 130 से अधिक लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई। शिविर का उद्देश्य लोगों को आंखों से जुड़ी बीमारियों की समय रहते पहचान, उपचार और नियमित नेत्र जांच के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विवेक कुमार ने मरीजों की विस्तृत जांच की। इस दौरान मोतियाबिंद, कमजोर नजर, आंखों में जलन, दर्द, पानी आना, खुजली, लालपन, धुंधला दिखाई देना और चश्मे के नंबर में बदलाव जैसी समस्याओं की जांच की गई। जांच के बाद मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और आगे के उपचार की जानकारी भी दी गई।
समय पर नेत्र जांच कराने की अपील
विशेषज्ञों ने बताया कि बदलती जीवनशैली, मोबाइल और कंप्यूटर के बढ़ते उपयोग के कारण आंखों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। वहीं बढ़ती उम्र के साथ मोतियाबिंद और अन्य नेत्र रोगों का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में नियमित अंतराल पर आंखों की जांच कराना बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी बीमारी का शुरुआती चरण में पता लगाकर समय पर उपचार किया जा सके।
स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास
आरोग्यम अस्पताल के निदेशक हर्ष अजमेरा ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवा केवल इलाज तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि लोगों को बीमारी से बचाव और समय पर जांच के प्रति जागरूक करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अस्पताल भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ मिल सके।
नियमित जांच से बच सकती हैं गंभीर बीमारियां
अस्पताल की प्रशासक जया सिंह ने कहा कि आंखों से जुड़ी छोटी-सी समस्या को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। नियमित नेत्र जांच से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव होती है, जिससे समय पर इलाज शुरू किया जा सकता है। उन्होंने शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि आगे भी इस तरह के जनकल्याणकारी स्वास्थ्य कार्यक्रम जारी रहेंगे।















