हजारीबाग पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को कटकमसांडी थाना का औचक निरीक्षण कर थाना की विधि व्यवस्था  सुरक्षा व्यवस्था एवं लंबित मामलों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय ज्ञान रंजन पेलावल अंचल के पुलिस निरीक्षक सपन कुमार महथा, थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने लंबित कांडों, वारंटों और कुर्की से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।एसपी ने थाना क्षेत्र में फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही अवैध मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में लंबित गिरफ्तारी वारंटों के निष्पादन पर विशेष जोर दिया।उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर चुनौती है इसलिए पुलिस को आम लोगों के बीच व्यापक स्तर पर नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाना चाहिए। इसके साथ ही क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का भी निर्देश दिया गया।पुलिस अधीक्षक ने थाना पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और जनता के साथ सकारात्मक संबंध बनाए रखने के लिए सतर्क एवं सक्रिय रहने की सलाह दी।