मेरठ के चर्चित  नीले ड्रम हत्याकांड जैसी एक और सनसनीखेज वारदात अब मुंबई से सटे मुंब्रा इलाके से सामने आई है। इस बार एक महिला ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर अपने ही प्रेमी की हत्या कर दी और शव को हरे रंग के ड्रम में भरकर नाले में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है  जबकि अन्य की तलाश जारी है। जानकारी के मुताबिक मुंब्रा निवासी अरबाज मकसूद अली खान घर से दादर काम पर जाने की बात कहकर निकला था  लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिवार ने पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल्स और लोकेशन खंगाली  जिसमें अरबाज की आखिरी लोकेशन वर्सोवा इलाके में मिली। तकनीकी जांच में पुलिस को अरबाज की प्रेमिका मेहजबीन शेख की लोकेशन भी उसी क्षेत्र में मिली। शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने हत्या की साजिश का खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक  मेहजबीन ने अपने पति हसन और भाई तारिक शेख के साथ मिलकर अरबाज को पैसों के बहाने बुलाया था। वहां आरोपियों ने पहले उसके हाथ बांधे  फिर प्लास्टिक पाइप से बेरहमी से पीटा और बाद में उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को हरे रंग के ड्रम में भरकर मुंब्रा इलाके के एक सुनसान नाले में फेंक दिया गया  ताकि सबूत मिटाए जा सकें। पुलिस ने आरोपी मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है जबकि मुख्य आरोपी हसन और उसका साथी मुजम्मल पठान अभी फरार हैं। मुंब्रा पुलिस ने हत्या  आपराधिक साजिश और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी निगरानी और मोबाइल लोकेशन की मदद से इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा संभव हो सका।