पटना: बिहार के पटना जिले में रविवार सुबह गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। खुसरूपुर थाना क्षेत्र के आदिलपुर गंगा घाट पर स्नान करने गए तीन किशोर गहरे पानी में डूब गए। हादसे के करीब दो घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम ने एक किशोर का शव बरामद कर लिया, जबकि दो अन्य किशोरों की तलाश अभी जारी है।
तीनों किशोर खुसरूपुर थाना क्षेत्र के जगमालविघा गांव के रहने वाले और आपस में दोस्त थे। उनकी उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
दोस्त को डूबता देख बचाने गए, खुद भी बह गए
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह तीनों दोस्त आदिलपुर गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान अंकुश कुमार अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
अंकुश को डूबता देखकर उसके दोस्त सुंदरम कुमार और रौनक कुमार उसे बचाने के लिए पानी में आगे बढ़े। लेकिन गहराई और तेज बहाव के कारण दोनों भी पानी की चपेट में आ गए और बह गए।
पुलिस और एसडीआरएफ ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद खुसरूपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
अंचलाधिकारी संजीव कुमार चौपाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों ने सबसे पहले गंगा में उतरकर तीनों किशोरों की तलाश शुरू की। बाद में एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया।
दो घंटे बाद मिला अंकुश का शव
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने गहरे पानी से 16 वर्षीय अंकुश कुमार का शव बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक अंकुश, जितेंद्र कुमार सिंह का पुत्र था।
वहीं 15 वर्षीय रौनक कुमार, पिता राजीव कुमार सिंह और 17 वर्षीय सुंदरम कुमार, पिता रतनेश कुमार सिंह अभी लापता हैं। दोनों की तलाश के लिए एसडीआरएफ का अभियान जारी है।
दोनों लापता किशोर अपने परिवार के इकलौते बेटे
बताया जा रहा है कि अंकुश दो भाइयों में बड़ा था, जबकि सुंदरम और रौनक अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। तीनों इसी साल 11वीं कक्षा में गए थे।
हादसे की खबर के बाद जगमालविघा गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं एसडीआरएफ की टीम गंगा में लापता दोनों किशोरों की तलाश में जुटी हुई है।















