पाकुड़ : नगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस ने भारी मात्रा में तंबाकू लदी एक स्कॉर्पियो को जब्त किया है। वाहन को सिद्धू कान्हू मुर्मू पार्क के पास पाकुड़-दुमका मुख्य सड़क पर पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो में बड़े-बड़े बोरों में 'टिक टॉक खैनी' लदी हुई मिली है। पुलिस ने वाहन को जब्त करने के साथ चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

युवक को टक्कर मारने के बाद सामने आया मामला

जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान सिद्धू कान्हू मुर्मू पार्क के पास वाहन ने कथित तौर पर एक युवक को टक्कर मार दी। इसके बाद युवक ने स्कॉर्पियो का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रुकवाकर पुलिस को मामले की सूचना दी।

सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी। इसके बाद एसडीपीओ कुमार गौरव भी घटनास्थल पर पहुंचे और चालक से पूछताछ की।

बड़े-बड़े बोरों में मिली खैनी

पुलिस द्वारा स्कॉर्पियो की प्रारंभिक जांच किए जाने पर वाहन के अंदर बड़े-बड़े बोरों में खैनी लदी हुई मिली। पूछताछ के दौरान चालक ने भी वाहन में खैनी होने की बात स्वीकार की।

वाहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच के दौरान प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि खैनी पश्चिम बंगाल के शमशेरगंज थाना क्षेत्र से लोड की गई थी और उसे महेशपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस अब तंबाकू की खेप और परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।

दंडाधिकारी की मौजूदगी में होगी विस्तृत तलाशी

एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है और वाहन में खैनी होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति के बाद स्कॉर्पियो की विस्तृत तलाशी ली जाएगी।

विस्तृत जांच और तलाशी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वाहन में कुल कितनी मात्रा में तंबाकू लदा था और उसके परिवहन से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज वैध हैं या नहीं। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।