गढ़वा में भारी बारिश को लेकर अलर्ट, उपायुक्त ने कोयल-सोन नदी तटीय क्षेत्रों का किया निरीक्षण
उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का स्थल पर सही और पारदर्शी तरीके से आकलन कर जल्द रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा सके। निरीक्षण की शुरुआत उपायुक्त ने मोहम्मदगंज स्थित भीम बराज से की। उन्होंने बराज में पानी के बहाव, जलस्तर और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान मौजूद किसानों और स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याओं और सुझावों से उपायुक्त को अवगत कराया। किसानों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण आसपास के क्षेत्रों में धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों ने भीम बराज के रखरखाव और व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं भी सामने रखीं। लोगों के अनुसार बराज में 40 गेट हैं और यदि इनकी समुचित देखरेख के साथ जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तो आसपास के क्षेत्रों के लोगों को काफी लाभ मिल सकता है। उपायुक्त ने ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद उपायुक्त ने कांडी प्रखंड के सोन नदी तटीय क्षेत्र का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे बड़े पैमाने पर फसलों को नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों ने नदी क्षेत्र में मजबूत और स्थायी गार्ड वॉल बनाने का सुझाव दिया। साथ ही कोरगाई से सुंडीपुर तक मिट्टी भराई और बोल्डर पीचिंग के माध्यम से तटीय क्षेत्र को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। उपायुक्त ने मौके पर मौजूद अंचल अधिकारी को संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कांडी प्रखंड के नारायणपुर गांव का भी दौरा किया। यहां बारिश और जलभराव के कारण फसलों के डूबने की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित किसानों की फसल क्षति का सटीक और निष्पक्ष आकलन कर जल्द से जल्द रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि नुकसान के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि संभावित भारी बारिश को देखते हुए सभी संबंधित पदाधिकारी और कर्मी सतर्क रहें। संवेदनशील क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।गढ़वा: जिले में लगातार हो रही बारिश और आगामी दिनों में संभावित भारी वर्षा को देखते हुए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने बुधवार को जिले के विभिन्न तटीय और संवेदनशील क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने मझिआंव प्रखंड के कोयल नदी और कांडी प्रखंड के सोन नदी क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में जलस्तर, जलभराव और बारिश से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया।
भीम बराज का निरीक्षण, किसानों की समस्याएं सुनीं
सोन नदी क्षेत्र में जलभराव और फसल नुकसान का जायजा
नारायणपुर में डूबी फसलों का किया निरीक्षण
संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने का निर्देश















