पाकुड़ अमड़ापाड़ा: रांची में JPSC, JSSC समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर सोमवार को हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा के झारखंड बंद का अमड़ापाड़ा में मिलाजुला असर देखने को मिला।भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दिनेश विलियम मरांडी के नेतृत्व में करीब चार घंटे तक कोयला परिवहन ठप रखा। बंद समर्थकों ने कोयला लदे वाहनों को रोक दिया, जिससे कोयला परिवहन पूरी तरह बाधित रहा।लांकि, अमड़ापाड़ा बाजार में बंद का असर नहीं दिखा। बाजार की सभी दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान आम दिनों की तरह खुले रहे।

कोयला परिवहन रोकने के दौरान दिनेश विलियम मरांडी ने राज्य सरकार और शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू पर जमकर निशाना साधा। छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर उन्होंने सरकार को घेरा और कहा कि अपने भविष्य की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान करना चाहिए, न कि आंदोलन को दबाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने JPSC-JSSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और अनियमितताओं से जुड़े सवालों को लेकर छात्रों के साथ संवाद की मांग की।

विधानसभा घेराव के बाद गरमाया मामला रांची में JPSC, JSSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलनरत हैं। सोमवार को छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर विधानसभा घेराव का प्रयास किया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी और पुलिस ने बल प्रयोग किया।इसी के विरोध में भाजपा ने मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया। अमड़ापाड़ा में बंद समर्थकों ने करीब चार घंटे तक कोयला लदे वाहनों का परिचालन रोककर विरोध जताया।प्रदर्शन में भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष हेम्ब्रम, जिला उपाध्यक्ष सुनील पहाड़िया, जयशंकर भगत, रंजीत भगत, उदय भगत, मुकेश कुमार, अजित भगत समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।