लातेहार बालूमाथ ओझा गुनी के आरोप में 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या
लातेहार झारखंड
के लातेहार जिले में अंधविश्वास से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बालूमाथ
थाना क्षेत्र के गुरतूर गांव में 65 वर्षीय बुजुर्ग केशव राम
की धारदार हथियार
(टांगी) से हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में मामला कथित रूप
से ओझा गुनी के आरोप से जुड़ा बताया जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक के पुत्र शुकुल
राम ने
आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोग उनके पिता पर ओझा गुनी करने का आरोप लगाकर लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे थे।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने इस मामले में एक लाख रुपये की मांग की
थी। शुकुल राम का दावा है कि हत्या की घटना में एक से अधिक लोगों की संलिप्तता हो
सकती है। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद बालूमाथ
थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र
कुमार ने बताया कि इस मामले में सुनीता कुमारी नामक एक महिला को
गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की सभी
पहलुओं से जांच की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है,
तो उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार सख्त
कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि झारखंड में अंधविश्वास और डायन या ओझा-गुनी जैसे
आरोपों से जुड़ी हिंसक घटनाएं समय समय पर सामने आती रही
हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अंधविश्वास या अफवाह के
आधार पर कानून हाथ में न लें और किसी भी विवाद की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।















