बेरमो  बीएंडके (B&K) क्षेत्र की द्विपक्षीय खदान सुरक्षा समिति की बैठक शनिवार को करगली ऑफिसर्स क्लब में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्र के महाप्रबंधक (जीएम) संजय कुमार झा ने की। बैठक में खदानों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, श्रमिकों की सुविधाओं तथा शुद्ध पेयजल आपूर्ति सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए जीएम संजय कुमार झा ने कहा कि "सुरक्षा सर्वोपरि है। कोयला उत्पादन के साथ-साथ श्रमिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।" उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए शून्य दुर्घटना (Zero Accident) के लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना और उनकी मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखना प्रबंधन की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही उन्होंने शुद्ध पेयजल की उपलब्धता को भी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रत्येक श्रमिक को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रबंधन का दायित्व है।

बैठक के दौरान पीने के शुद्ध पानी की आपूर्ति का मुद्दा प्रमुख रूप से छाया रहा। श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न खदानों में पेयजल, सुरक्षा उपकरणों और अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रबंधन के समक्ष रखा। जीएम ने आश्वासन दिया कि यूनियन प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

बैठक में श्रमिक संगठनों की ओर से सुशील सिंह, डी.पी. मौर्य, आभाष चंद्र गांगुली, राम निहोरा सिंह, विनय पाठक, सुरेश शर्मा और मनोज पासवान सहित कई प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने खदानों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर अपने सुझाव रखे।